राजस्थान में तीन दिन बारिश का दौर, 10 जिलों में अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में तीन दिन बारिश का दौर, 10 जिलों में अलर्ट


जयपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने लगा है। बुधवार को प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का यह दौर अगले तीन दिन तक जारी रहने की संभावना है। वहीं, 20 से 23 अगस्त के बीच पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के शेष हिस्सों में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने के आसार हैं और कुछ स्थानों पर छुटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदला रहा। करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सलूंबर, उदयपुर और सिरोही में हल्की बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान सिरोही, चित्तौड़गढ़, कोटा, झालावाड़, बारां, सलूंबर और बांसवाड़ा में 1 से 20 मिलीमीटर तक बारिश मापी गई। प्रतापगढ़ के अरनोद में सबसे ज्यादा 21 मिलीमीटर बारिश हुई। कोटा में 5.6 मिलीमीटर, डूंगरपुर में 4 मिलीमीटर, संगरिया में 3 मिलीमीटर और चित्तौड़गढ़ में 1 मिलीमीटर बारिश हुई। प्रतापगढ़ में भी बारिश हुई, जबकि उदयपुर के डबोक में बारिश ट्रेस की गई।

बारिश के बीच प्रदेश के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। श्रीगंगानगर 39.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। जैसलमेर और चूरू में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री, फलोदी में 36 डिग्री, बीकानेर में 35.8 डिग्री और पिलानी में 35.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। दूसरी ओर, माउंट आबू 23.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 20 से 23 अगस्त के बीच भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मानसून की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है। ऐसे में कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर छुटपुट बारिश होने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story