पीएम स्वनिधि योजना के 6 वर्ष पूर्ण, स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा आर्थिक संबल

WhatsApp Channel Join Now
पीएम स्वनिधि योजना के 6 वर्ष पूर्ण, स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा आर्थिक संबल


जयपुर, 01 जून (हि.स.)।

प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के सफल छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम जयपुर द्वारा 1 से 30 जून तक लोक कल्याण मेला आयोजित किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में नगर निगम जयपुर एवं बैंक के संयुक्त सहयोग से आज नगर निगम मुख्यालय में तीन दिवसीय विशेष पीएम स्वनिधि ऋण वितरण शिविर का शुभारम्भ किया गया।

यह विशेष शिविर 1 से 3 जून तक आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य शहर के स्ट्रीट वेंडर्स एवं असंगठित क्षेत्र में कार्यरत छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए सरल एवं सुलभ वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।

शिविर के माध्यम से पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र नए आवेदकों को प्रथम चरण का 15 हजार रुपये तक का ऋण तथा यस बैंक में लंबित द्वितीय चरण के 25 हजार रुपये तक के ऋण स्वीकृत कराए जा रहे हैं। इससे लाभार्थियों को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी उपलब्ध हो सकेगी, जिससे वे अपने व्यवसाय को और अधिक सुदृढ़ बना सकेंगे।

शिविर के प्रथम दिवस स्थानीय स्ट्रीट वेंडर्स में विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली। बड़ी संख्या में लाभार्थी अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। प्रथम दिन द्वितीय ऋण के 30 तथा प्रथम ऋण के 5 आवेदकों ने आवेदन प्रक्रिया में भाग लिया। इनमें से द्वितीय ऋण के 23 तथा प्रथम ऋण के सभी 5 आवेदकों के ऋण यस बैंक द्वारा मौके पर ही स्वीकृत किए गए तथा ऋण वितरण की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई।

नगर निगम जयपुर के अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना केन्द्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य छोटे व्यापारियों एवं स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाना है। नगर निगम जयपुर इस योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि यस बैंक के सहयोग से आयोजित यह विशेष शिविर 3 जून तक जारी रहेगा, जिसमें बैंक में लंबित प्रथम एवं द्वितीय ऋण प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इससे पात्र वेंडर्स को बिना किसी गारंटी के आसान कार्यशील पूंजी प्राप्त होगी, जो उनके व्यवसाय को नई गति प्रदान करेगी।

नगर निगम जयपुर द्वारा आयोजित लोक कल्याण मेले के माध्यम से विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित यह विशेष शिविर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने तथा छोटे व्यापारियों को आर्थिक मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story