बीकानेर में होगा तीन दिवसीय भव्य मुद्रा महोत्सव, देश-विदेश के 100 से अधिक मुद्रा विशेषज्ञ होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में होगा तीन दिवसीय भव्य मुद्रा महोत्सव, देश-विदेश के 100 से अधिक मुद्रा विशेषज्ञ होंगे शामिल


बीकानेर, 11 नवंबर (हि.स.)। शहर में बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी की ओर से तीन दिवसीय भव्य मुद्रा महोत्सव का आयोजन 13 नवम्बर से किया जाएगा। गंगाशहर रोड स्थित जैन पब्लिक स्कूल के सामने अग्रवाल भवन में होगा। महोत्सव में मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, लुधियाना, कानपुर, नोएडा और नासिक सहित देश के विभिन्न शहरों के साथ विदेशों से भी लगभग 100 मुद्रा संग्रहकर्ताओं एवं विशेषज्ञों की भागीदारी रहेगी।

कार्यक्रम के आयोजक एवं बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी के अध्यक्ष किशन लाल सोनी ने यह जानकारी पत्रकाराें काे दी। इस अवसर पर दुर्लभ सिक्काें के संग्रहकर्ता सुधीर लूणावत, जसवंत पारख, महेंद्र सिंह चाैहान, उमेश माेदी, इंद्रसिंह राजपुराेहित, सतीश कुमार गुप्ता सहित अनेक माैजूद थे।

साेनी ने बताया कि इस महोत्सव की खास बात यह होगी कि देशभर से आने वाले मुद्रा विशेषज्ञ आमजन और सिक्कों के शौकीनों को अपने संग्रह में मौजूद पुराने सिक्कों एवं करेंसी नोटों की जानकारी और उनके संभावित ऐतिहासिक एवं संग्रहणीय महत्व से रूबरू करवाएंगे। लोग विशेषज्ञों से आमने-सामने निःशुल्क परामर्श लेकर अपने पास मौजूद सिक्कों और नोटों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में सिक्कों और करेंसी नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देशभर में अनेक लोग साइबर फ्रॉड का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में इस महोत्सव के माध्यम से लोगों को एक ऐसा विश्वसनीय मंच उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है, जहां वे ऑनलाइन माध्यमों पर निर्भर हुए बिना सीधे अनुभवी और विशेषज्ञ मुद्रा संग्रहकर्ताओं से मिल सकेंगे तथा अपने घरों में रखे पुराने सिक्कों एवं नोटों के बारे में सही जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे न केवल लोगों को जागरूकता मिलेगी, बल्कि देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने में भी मदद मिलेगी।

सोसायटी के उपाध्यक्ष जसवंत पारख ने कहा कि इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में प्राचीन एवं आधुनिक सिक्कों, विभिन्न देशों की करेंसी, दुर्लभ नोटों, डाक टिकटों, माचिस संग्रह, ऐतिहासिक महत्व की पुरानी घड़ियों सहित अनेक प्रकार की दुर्लभ एवं संग्रहणीय वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। यह आयोजन विद्यार्थियों, इतिहास प्रेमियों, शोधकर्ताओं, संग्रहकर्ताओं और आमजन के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी की पूरी टीम पिछले छह महीनों से इस आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई है। देशभर से आने वाले अतिथियों और हजारों आगंतुकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तीनों दिनों में अतिथियों के स्वागत, मार्गदर्शन, व्यवस्थाओं और अन्य सुविधाओं के लिए 20 सदस्यों की अलग-अलग टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।

सोसायटी के सचिव सुधीर लुणावत के अनुसार इस महोत्सव में बीकानेर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से लगभग 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775221 Articles

Share this story