टांके में डूबने से तीन मासूमों की मौत, मां की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
टांके में डूबने से तीन मासूमों की मौत, मां की हालत गंभीर


टांके में डूबने से तीन मासूमों की मौत, मां की हालत गंभीर


नागाैर, 07 मार्च (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र के बसवाणी गांव में शुक्रवार रात एक हादसे में टांके में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार बच्चों के दादा-दादी खेत पर काम करने गए हुए थे। जब वे देर रात घर लौटे तो घर के बाहर बने टांके का ढक्कन खुला मिला। संदेह होने पर जब उन्होंने टांके में झांककर देखा तो मां और तीनों बच्चे पानी में तैरते नजर आए। यह देखकर वे घबरा गए और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर चारों को टांके से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत नागौर के जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में जुड़वां बहनें गुंजन (5) और अनुष्का (5) तथा उनका भाई रुद्र (2) की मौत हो गई। वहीं उनकी मां मंजू देवी (25) का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद बच्चों की दादी साबुड़ी देवी सदमे में बेहोश होकर गिर पड़ीं। उनकी तबीयत भी खराब बताई जा रही है। बच्चों के दादा प्रहलाद राम भी इस हादसे से गहरे सदमे में हैं। बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता रामप्रसाद खजवाना (जैसलमेर) में ईंट भट्टे पर मजदूरी करते हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद वह देर रात गांव पहुंचे। सात भाइयों के इस परिवार में रुद्र इकलौता पोता था।

सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे खेलते समय टांके में गिर गए या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस का कहना है कि महिला की हालत में सुधार होने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story