अजमेर में सात जून को होगा तृतीय निःशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार समारोह
अजमेर, 13 मई (हि.स.)। सिंध सारस्वत ब्राह्मण मंडल संस्थान, जिला अजमेर की ओर से आगामी 7 जून को तृतीय निःशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार समारोह का आयोजन किया जाएगा। साईंबाबा मंदिर में प्रातः 10 बजे आयोजित होने वाले इस धार्मिक समारोह में 31 बालकों का वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ उपनयन संस्कार संपन्न कराया जाएगा। संस्थान की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की प्रेरणा पंडित कन्हैया लाल तुलजाराम शर्मा के मार्गदर्शन में की जा रही है। आयोजन में विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक विधि-विधान के साथ यज्ञोपवीत संस्कार सम्पन्न कराया जाएगा।
पंडित कमल कोडु राम भारद्वाज ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वैदिक संस्कारों और परंपराओं का संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार करना है। यज्ञोपवीत संस्कार को सनातन धर्म के प्रमुख संस्कारों में शामिल माना जाता है, जो बालक को धार्मिक, आध्यात्मिक और वैदिक जीवन में औपचारिक रूप से प्रवेश कराता है। समारोह में तीन आचार्यों के नेतृत्व में संपूर्ण वैदिक अनुष्ठान सम्पन्न होंगे। इस दौरान 11 विद्वान ब्राह्मण मंडल पूजन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन करेंगे, जबकि चार ब्राह्मण व्यवस्थापक आयोजन व्यवस्था संभालेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के सभी ब्राह्मणजन सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। महिला मंडल और मातृशक्ति की भी इसमें विशेष सहभागिता रहेगी, जिससे कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
संस्थान की ओर से समाज के धर्मप्रेमी लोगों से समारोह में उपस्थित होकर वैदिक संस्कारों के संरक्षण और धर्म जागरण के इस अभियान में सहभागिता निभाने की अपील की गई है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में पंडित कमल कोडु राम भारद्वाज, पंडित श्याम सुन्दर नेनुराम शर्मा, पंडित विशाल घनश्याम भारद्वाज, पंडित हरीश चन्दरभान शर्मा, पंडित संजय अशोक कुमार शर्मा और पंडित गोपाल अशोक शर्मा सहित समाज के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

