जल संरक्षण और जन स्वावलम्बन के प्रति संकल्पबद्ध है राज्य सरकार : मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
जल संरक्षण और जन स्वावलम्बन के प्रति संकल्पबद्ध है राज्य सरकार : मुख्य सचिव


बीकानेर, 25 मई (हि.स.)। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का जल संरक्षण के प्रति व्यापक दृष्टिकोण है। इसी के तहत प्रदेश में 25 मई से 5 जून तक बारह दिवसीय वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष इस अभियान से प्रदेश के 3 करोड़ 70 लाख लोग जुड़े। इस बार पंजीकरण प्रारम्भ होने के पहले घंटे में ही पचास हजार से अधिक लोग जुड़ गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार गत वर्ष की तुलना में अधिक जनभागीदारी होगी।

मुख्य सचिव ने बीकानेर प्रवास पर कहा कि बारह दिवसीय अभियान के तहत जल संरक्षण स्त्रोतों का रखरखाव, पौधारोपण, स्वच्छता सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे। नुक्कड़ नाटकों सहित अन्य माध्यमों से आमजन में जागरुकता के प्रयास होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जल संरक्षण और जन स्वावलम्बन के प्रति संकल्पबद्ध है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।

प्रदेश सरकार द्वारा नहरों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। संशोधित पार्वती कालीसिंध चम्बल लिंक परियोजना 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपए लागत वाली सरकार की अतिमहत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत कार्य किया जा रहा है। अरावली क्षेत्र में सघन पौधारोपण सहित प्रदेश में चारागह विकास, मृदा संरक्षण, टांका और फार्म पौंड निर्माण जैसे कार्य करते हुए प्रदेश को हरा-भरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story