निगम ने किया खुले में कचरा डालने वाले पर 22 हजार का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
निगम ने किया खुले में कचरा डालने वाले पर 22 हजार का जुर्माना


जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम की ओर से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में मुरलीपुरा जोन क्षेत्र में खुले में कचरा डालने पर एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं उपायुक्त मुरलीपुरा जोन पवन कुमार शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को न्यू आतिश मार्केट, लोहा मंडी रोड माचेडा क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। उपायुक्त पवन कुमार शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक नीलम शर्मा की टीम ने मौके पर एक डम्पर को कचरा और सी एंड डी (कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन) वेस्ट खुले में खाली करते हुए पकड़ा। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 22 हजार रुपए का कैरिंग चार्ज वसूला गया।

निगम अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति को भविष्य में खुले में कचरा नहीं डालने के लिए पाबंद किया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि दोबारा ऐसा करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story