हर माह पुरस्कृत होंगे सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने: पुलिस थानों में 31 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा‘ पखवाड़ा

WhatsApp Channel Join Now
हर माह पुरस्कृत होंगे सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने: पुलिस थानों में 31 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा‘ पखवाड़ा


जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के सभी पुलिस थानों में 31 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा‘ पखवाड़ा आयोजित होगा। इस दौरान थानों में साफ-सफाई के साथ बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार भी किया जाएगा। इसमें स्वच्छता को लेकर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस थानों को जिला पुलिस, रेंज और पुलिस मुख्यालय स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा।

खास बात यह है कि पखवाड़ा समाप्त होने के बाद भी हर माह सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने का चयन कर उसे पुरस्कृत किया जाएगा। इससे स्वच्छता सिर्फ पखवाड़े तक सीमित न रहकर नियमित कार्यशैली का हिस्सा बनेगी।

केन्द्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में शुक्रवार को नई दिल्ली में बैठक हुई। इसमें महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े। बैठक के बाद डीजीपी शर्मा ने प्रदेश के पुलिस अधिकारियों को ‘स्वच्छता ही सेवा‘ पखवाड़े को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिस रेंज के महानिरीक्षक, पुलिस आयुक्त, जिला पुलिस अधीक्षक और डीसीपी को सभी थानों में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

इसके तहत पुलिस थाना परिसर और नजदीकी क्षेत्र में व्यापक सफाई कराई जाएगी। स्वच्छता कार्य शुरू होने से पहले ड्रोन से फोटो और वीडियोग्राफी कराकर पुलिस मुख्यालय को भेजना होगा। पखवाड़े के दौरान किए गए कार्यों के बाद दोबारा ड्रोन शूट कराकर स्थिति की जानकारी देनी होगी। इससे अभियान से पहले और बाद में थानों की स्वच्छता में प्रगति का तुलनात्मक आकलन किया जा सकेगा।

डीजीपी शर्मा ने थानों के मालखानों में रखी सामग्री और जब्त वाहनों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, आमजन के अनुकूल स्वागत कक्ष बनाने, डिजिटल इंफॉर्मेशन बोर्ड स्थापित करने और पुलिस बैरकों की स्वच्छता, परिसर की साफ-सफाई तथा रंग-रोगन जैसे कार्य भी कराए जाएंगे।

जिला पुलिस अधीक्षक अपने जिले के सर्वश्रेष्ठ थाने का चयन कर उसे पुरस्कृत करेंगे। रेंज स्तर पर पुलिस महानिरीक्षक और राज्य स्तर पर पुलिस मुख्यालय उत्कृष्ट थाने को सम्मानित करेगा। बैठक में उप महानिरीक्षक पुलिस कुंवर राष्ट्रदीप, आलोक श्रीवास्तव सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story