हादसा : कायलाना से सिद्धनाथ जा रही थार दीवार तोडक़र पानी में समाई
जोधपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। शहर के कायलाना- सिद्धनाथ रोड पर मंगलवार की दोपहर में हादसा हो गया। थार जीप अनियंत्रित होकर सीधी जाकर एक दीवार से टकराने के बाद नीचे पानी में गिर गई। थार में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल भिजवाया गया। थार जीप पानी में समा गई, जिसको बाहर निकालने के लिए दोपहर तक पुलिस का जतन किया जा रहा था। सूचना पर राजीवा गांधी नगर थाना क्षेत्र की कायलाना चौकी प्रभारी रावलराम वहां पहुंचे।
चौकी प्रभारी रावलराम ने बताया कि थार जीप में अनिरूद्ध सिंह और किशन सिंह नाम के दो शख्स सवार थे। एक जयपुर का है तो दूसरा जोधपुर का है। यह लोग कायलाना- सिद्धनाथ रोड से होते हुए थार जीप से निकल रहे थे, तब थार अनियंत्रित होकर दीवार को तोड़ती हुई पानी में जा गिरी। राहगीरों को पता लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। थार के दीवार तोडक़र गिरने के साथ वह चट्टान से भी टकराई। बाद में पानी में गिर गई। थार में सवार दोनों शख्स अनिरूद्ध सिंह एवं किशन सिंह को बाहर निकाल दिया गया और तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है। वे सुरक्षित बच गए है, मामूली चोट लगी है।
चौकी प्रभारी रावल राम ने बताया कि थार पूरी तरह पानी में समा गई। थार में सवार के आने पर थार को पानी से निकालने की प्रक्रि या शुरू की गई। गाड़ी में यह दो लोग ही सवार थे, अन्य कोई नहीं था। अग्रिम अनुसंधान एवं कार्रवाई जारी है। थार कायलाना की तीन चार फीट की दीवार को तोडक़र गिरी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

