ट्रेलर से भिड़ी टेम्पो ट्रैवलर, अजमेर के कारोबारी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेलर से भिड़ी टेम्पो ट्रैवलर, अजमेर के कारोबारी की मौत


भीलवाड़ा, 01 मई (हि.स.)। जिले के हमीरगढ़ क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में अजमेर के वरिष्ठ व्यवसायी जयप्रकाश वरलानी (61) की मौत हो गई, जबकि उनके 12 से अधिक साथी घायल हो गए। हादसा चित्तौड़गढ़-अजमेर नेशनल हाईवे पर स्वरूपगंज के पास उस समय हुआ, जब सांवलिया सेठ मंदिर से दर्शन कर लौट रही टेम्पो ट्रैवलर हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार अजमेर निवासी जयप्रकाश वरलानी अपने जन्मदिन के अवसर पर दोस्तों के साथ धार्मिक यात्रा पर गए थे। गुरुवार सुबह सभी साथी अजमेर से रवाना हुए थे और चित्तौड़गढ़ जिले में आवरी माता तथा सांवलिया सेठ मंदिर के दर्शन करने के बाद शाम को लौट रहे थे। यात्रा के दौरान वाहन में जश्न का माहौल था और सभी दोस्त गाने-बजाने व डांस करते हुए सफर कर रहे थे।

हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील कुमार बेड़ा ने बताया कि ट्रैवलर चालक आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रेलर में जा घुसा।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से महात्मा गांधी अस्पताल भीलवाड़ा पहुंचाया। दुर्घटना में जयप्रकाश वरलानी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर घायलों में प्रकाश वरलानी, ललित वरलानी और सुभाष अग्रवाल को भर्ती किया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

घायल पार्षद रमेश चेलानी ने बताया कि हादसे से ठीक पहले वाहन में गीत बज रहा था और सभी बेहद खुश थे।

किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही क्षणों में यह खुशी मातम में बदल जाएगी। मंदिर दर्शन के दौरान जयप्रकाश वरलानी का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया था। दोस्तों ने उन्हें नोटों की माला पहनाई थी और पूरे दिन धार्मिक स्थलों पर दर्शन व भोजन के साथ उत्सव मनाया गया।

इस हादसे ने एक खुशहाल धार्मिक यात्रा को गहरे शोक में बदल दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story