राजस्थान में 15 के बाद हवा का पैटर्न बदलने से गिरेगा तापमान

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में 15 के बाद हवा का पैटर्न बदलने से गिरेगा तापमान


राजस्थान में 15 के बाद हवा का पैटर्न बदलने से गिरेगा तापमान


जयपुर, 08 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में फिलहाल सर्दी का असर सीमित है और लोगों को तेज ठंड के लिए कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिली रहेगी, जबकि कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 15 नवंबर के बाद हवा का पैटर्न बदलने की संभावना है। उत्तरी हवाओं के मैदानी राज्यों की ओर आने से पश्चिमी राजस्थान के तापमान में गिरावट शुरू होगी। इसके बाद धीरे-धीरे प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी रात के तापमान में कमी आने से सर्दी का असर बढ़ सकता है।

फिलहाल, प्रदेश के कुछ चुनिंदा इलाकों में रात के समय सर्दी का असर दिखाई दे रहा है। शेखावाटी के सीकर और फतेहपुर के साथ सिरोही, उदयपुर तथा हिल स्टेशन माउंट आबू में रातें अपेक्षाकृत ठंडी हैं।

शनिवार को सीकर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि माउंट आबू में 12.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में दिन का सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे साफ है कि प्रदेश में अभी दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि रात में कुछ इलाकों में ठंड दस्तक देने लगी है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर के दूसरे सप्ताह के बाद उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ने के साथ तापमान में गिरावट आएगी और इसके बाद प्रदेश में सर्दी धीरे-धीरे जोर पकड़ सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774177 Articles

Share this story