टेक्नीशियन सीएंडडब्ल्यू स्टाफ को मिला तकनीकी प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
टेक्नीशियन सीएंडडब्ल्यू स्टाफ को मिला तकनीकी प्रशिक्षण


जोधपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कोचिंग एंड वैगन (सीएंडडब्ल्यू) विभाग के टेक्नीशियन स्टाफ को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में डीआरएम कार्यालय स्थित डेवलपमेंट सेंटर में आयोजित इस प्रशिक्षण अभियान के तहत 14 अगस्त तक विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों के तकनीकी ज्ञान, कार्यकुशलता, सुरक्षा जागरूकता तथा यात्री सेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना है।

प्रशिक्षण सत्र में टेक्नीशियन सीएंडडब्ल्यू स्टाफ को कोचों के अनुरक्षण की नवीन कार्यप्रणालियों, सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण, दोषों की पहचान एवं समयबद्ध निस्तारण, आधुनिक अनुरक्षण तकनीकों तथा कार्यस्थल पर बेहतर समन्वय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि कोचों का गुणवत्तापूर्ण अनुरक्षण सुरक्षित, संरक्षित एवं समयबद्ध रेल संचालन की आधारशिला है।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को व्यावहारिक अनुभवों के साथ आधुनिक कार्य प्रणाली अपनाने, सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा टीमवर्क के माध्यम से बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के आगामी चरणों में मंडल की अन्य शाखाओं के कर्मचारियों को भी विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story