मायरा में शामिल होने निकले शिक्षक दंपती की एक्सप्रेसवे पर मौत

WhatsApp Channel Join Now
मायरा में शामिल होने निकले शिक्षक दंपती की एक्सप्रेसवे पर मौत


जालोर, 23 नवंबर (हि.स.)। मायरा में शामिल होने के लिए बाइक से गांव जा रहे सरकारी शिक्षक दंपती की सोमवार को भारतमाला एक्सप्रेसवे पर हादसे में मौत हो गई। सांचौर-देवड़ा के बीच चौरा सरहद के पास सड़क किनारे दोनों के क्षत-विक्षत शव पड़े मिले। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शरीर का कमर से ऊपर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। पास में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी।

हादसे का पता उस समय चला, जब एक्सप्रेसवे से गुजर रहे पूर्व सांसद देवजी पटेल की नजर सड़क किनारे पड़े शवों पर पड़ी। उन्होंने अपनी कार रुकवाई और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सांचौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सांचौर थानाधिकारी नाथू सिंह के अनुसार हादसा सोमवार को सांचौर-देवड़ा के बीच चौरा सरहद के पास हुआ। मृतकों की पहचान राजूराम बिश्नोई (43) पुत्र हेमाराम बिश्नोई और उनकी पत्नी मंजू बिश्नोई (41) निवासी हेमागुड़ा सांचौर के रूप में हुई। दोनों के शवों के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उनकी पहचान की गई।

पुलिस के अनुसार जिस तरह से दोनों के शव क्षत-विक्षत मिले हैं, उससे आशंका है कि किसी बड़े वाहन ने बाइक को टक्कर मारी और दोनों को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

राजूराम हाड़ेतर के सरकारी स्कूल में शिक्षक थे, जबकि उनकी पत्नी मंजू बिश्नोई सांकड़ स्थित महात्मा गांधी सरकारी स्कूल में वरिष्ठ शिक्षक थीं। दोनों सांचौर में किराए के मकान में रहते थे। जानकारी के अनुसार सोमवार को राजूराम की चचेरी बहन के यहां मायरा कार्यक्रम था। इसी में शामिल होने के लिए दोनों बाइक से हाड़ेतर से अपने गांव हेमागुड़ा जा रहे थे। रास्ते में वे भारतमाला एक्सप्रेसवे पर पहुंचे, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।

मायरा जैसे पारिवारिक समारोह में शामिल होने की खुशी लेकर घर से निकले शिक्षक दंपती की एक्सप्रेसवे पर मौत की खबर ने परिवार और परिचितों को झकझोर दिया। जिस घर में मायरे की तैयारियां चल रही थीं, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने दोनों शवों को सांचौर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे की परिस्थितियों और फरार वाहन की तलाश को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782146 Articles

Share this story