टीबी मुक्त भारत अभियान: राजस्थान के सभी 361 ब्लॉकों में टीमें गठित
जयपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत प्रदेश के सभी 361 ब्लॉकों में टीबी मुक्त भारत की टीमें गठित कर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। इन टीमों से 1,805 माय भारत वॉलंटियर्स और 1,805 एनसीसी कैडेट्स जुड़े हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करेंगे।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकारी प्रयासों के साथ आम लोगों और युवाओं की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि टीबी की समय पर पहचान और पूरा उपचार सुनिश्चित करने के लिए जनजागरूकता महत्वपूर्ण है। ब्लॉक स्तर पर गठित टीमें अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद करेंगी।
देश में 67 प्रतिशत, राजस्थान में 100 प्रतिशत
21 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार देश के 7,026 ब्लॉकों में 4,686 टीबी मुक्त भारत टीमें गठित की गई हैं। इस तरह राष्ट्रीय स्तर पर टीम गठन 67 प्रतिशत है, जबकि राजस्थान के सभी 361 ब्लॉकों में टीमें गठित होने के साथ प्रदेश ने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
राठौड़ ने कहा कि टीबी मुक्त राजस्थान के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा। युवाओं की भागीदारी से टीबी के प्रति जागरूकता का संदेश गांव और ब्लॉक स्तर तक और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

