सुजानगढ़ का परिवार ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ क्विज में विजेता
बीकानेर, 24 सितंबर (हि.स.)। चूरू जिले के सुजानगढ़ की ज्योति राजकुमार लड्ढा और उनका परिवार ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ (टीएमकेओसी) की 18वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित 18 दिवसीय लाइव क्विज के विजेता परिवारों में शामिल हुआ है। विजेता परिवार को शो के गोकुलधाम सोसाइटी सेट पर जाने और शूटिंग को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
सोनी सब और नीला फिल्म प्रोडक्शन्स की ओर से आयोजित यह क्विज 1 से 21 अगस्त तक टीएमकेओसी क्लब हाउस ऐप पर लाइव हुआ। आयोजकों के अनुसार इसमें देशभर से लाखों दर्शकों ने हिस्सा लिया। क्विज में प्रतिभागियों से शो, उसके किरदारों और गोकुलधाम सोसाइटी से जुड़े सवाल पूछे गए। क्विज की शर्तों के अनुसार सुजानगढ़ का विजेता परिवार शो के सेट पर जाकर कलाकारों के साथ 18वीं वर्षगांठ के जश्न में शामिल होगा और शूटिंग प्रक्रिया को नजदीक से देख सकेगा। यह अनुभव सोनी सब और नीला फिल्म प्रोडक्शन्स की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
शो के क्रिएटर एवं प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी ने कहा कि क्विज में दर्शकों की भागीदारी ने उन्हें उत्साहित किया है। उन्होंने बताया कि 18 दिनों तक देशभर के परिवारों ने शो की 18वीं वर्षगांठ के उत्सव में भाग लिया। उन्होंने कहा कि दर्शकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए मूल योजना का विस्तार कर 18 से अधिक परिवारों को गोकुलधाम सोसाइटी आने का अवसर देने का निर्णय लिया गया है।
सोनी सब के चीफ कंटेंट ऑफिसर अजय भालवणकर ने कहा कि क्विज में दर्शकों की भागीदारी शो के साथ उनके जुड़ाव को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि दर्शकों को शो देखने के साथ गोकुलधाम सोसाइटी की दुनिया का अनुभव कराने का अवसर दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

