स्वदेशी जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
स्वदेशी जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प


जोधपुर, 28 नवम्बर (हि.स.)। स्वावलंबी भारत अभियान एवं स्वदेशी जागरण मंच के सयुंक तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का आज समापन हुआ।

प्रांत सह प्रचार प्रमुख जय प्रकाश नारायण ने बताया कि अभ्यास वर्ग के समारोप सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल ने पूर्णकालिक कार्यकर्ता की संकल्पना विषय पर विस्तार से अपने विचार प्रस्तुत किए। सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता कश्मीरी लाल ने कहा कि स्वदेशी की अवधारणा अत्यंत सरल और सहज है, लेकिन इसे आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए स्वयं के व्यवहार में अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आह्वान किया कि स्वदेशी को केवल विचारों तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा, ताकि भाषा, पहनावे, भ्रमण, भोजन और भवन सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में स्वदेशी की भावना झलके।

इससे पूर्व, अभ्यास वर्ग के विभिन्न सत्रों में स्वदेशी के नए आयामों की कार्ययोजना पर भी गहन चर्चा हुई। स्वर्णिम भारत फाउंडेशन के अध्यक्ष सतीश चावला ने स्वदेशी शोध संस्थान, भारत ग्लोबल इंडस्ट्रियल फोरम, भारतीय वित्त सलाहकार परिषद, स्वदेशी उत्पाद प्रमाणीकरण संस्था, स्वदेशी मेला और भारतीय व्यापारी मंच जैसे प्रकल्पों की आगामी कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम पूरी निष्ठा और सुव्यवस्थित प्रबंधन के साथ आयोजित होना चाहिए, क्योंकि एक कार्यक्रम की सफलता ही अगले कार्यक्रमों की आधारभूमि तैयार करती है। समापन कार्यक्रम में जोधपुर विभाग संघचालक जगदीश सिंह राजपुरोहित, महापौर प्रसनचंद मेहता, विश्नोई महासभा के प्रधान देवेंद्र बुडिय़ा, उद्यमी राधेश्याम रंगा, देवेंद्र डागा, उमेश लीला एवं दीपक अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में वर्ग व्यवस्था प्रमुख डॉ. क्षितिज महर्षि ने व्यवस्था टोली का परिचय कराया। प्रांत संयोजक प्रमोद पालीवाल ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि संपूर्ण मंच संचालन अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉ. धर्मेंद्र कुमार दुबे ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story