सुर संगम संस्थान का राष्ट्रीय युवा संगीत सम्मेलन 1-2 अक्टूबर को

WhatsApp Channel Join Now
सुर संगम संस्थान का राष्ट्रीय युवा संगीत सम्मेलन 1-2 अक्टूबर को


जयपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। युवा संगीत प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुर संगम संस्थान का 37वां राष्ट्रीय युवा संगीत सम्मेलन 1 और 2 अक्टूबर को जयपुर में आयोजित होगा। इस वर्ष का आयोजन संस्थान एवं वीणा म्यूजिक ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष स्व. केसी मालू की स्मृति को समर्पित रहेगा। मालू का गत 14 जुलाई को हृदयाघात से निधन हो गया था।

रविवार को प्रसिद्ध गजल गायिका पीनाज मसानी ने सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर सुर संगम संस्थान के राष्ट्रीय सचिव मुकेश अग्रवाल और स्व. केसी मालू के पुत्र एवं वीणा म्यूजिक इवेंट के प्रबंध निदेशक प्रसनजीत मालू मौजूद रहे।

मुकेश अग्रवाल ने बताया कि वार्षिक संगीत प्रतियोगिता में सुगम एवं शास्त्रीय संगीत की विधाओं में जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। देशभर की युवा प्रतिभाओं के लिए यह राष्ट्रीय मंच सुनहरा अवसर है। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी sursangamsansthan.com पर पंजीकरण करा सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को जयपुर में होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

पीनाज मसानी ने कहा कि देश में युवा संगीत प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें पहचानने, सही मार्गदर्शन देने और उचित मंच उपलब्ध कराने की है। डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑटो-ट्यून के दौर में वास्तविक प्रतिभा को पहचानना चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में सुर संगम संस्थान जैसे मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्व. केसी मालू और मुकेश अग्रवाल के प्रयासों से संस्था ने 37 वर्षों में दो लाख से अधिक युवा गायकों की प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और राष्ट्रीय मंच देने का काम किया है।

प्रसनजीत मालू ने बताया कि ग्रैंड फिनाले टोंक रोड स्थित बीलवा पैलेस में होगा। देशभर से चयनित प्रतिभागियों के लिए आयोजन स्थल पर प्रतिष्ठित संगीत गुरुओं के मार्गदर्शन के साथ ठहरने और भोजन की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में मुंबई से संगीत एवं बॉलीवुड जगत की हस्तियां शामिल होंगी। इनमें पीनाज मसानी, संगीतकार सोहेल सेन, संगीतकार दीपक पंडित, गायिका प्रतिभा बघेल और गायक राजा हसन प्रमुख हैं। आयोजकों ने देशभर की युवा संगीत प्रतिभाओं से निर्धारित तिथि से पहले पंजीकरण कराने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story