राजस्थान में बढ़ी सूरज की तपिश, पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर तेज

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में बढ़ी सूरज की तपिश, पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर तेज


जयपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान में फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। लगातार दूसरे दिन प्रदेश का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया। खासकर, पश्चिमी राजस्थान के जिलों में दिन का तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा, जिससे दोपहर के समय तेज गर्मी का अहसास होने लगा है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी जिलों में सामान्य से अधिक तापमान मापा गया। बाड़मेर में सर्वाधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। जैसलमेर, जोधपुर, पाली, बीकानेर, जालोर सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।

दिन में तेज गर्मी के साथ अब सुबह-शाम की हल्की ठंड भी कम हो गई है।

जयपुर में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बाड़मेर में 19.6 डिग्री और बीकानेर में 20 डिग्री सेल्सियस रहा। डूंगरपुर में 17.8, प्रतापगढ़ में 17.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में 16.6 डिग्री, जैसलमेर में 16.3 और जोधपुर में 16 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी जयपुर में सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी है और दोपहर में गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो मार्च की शुरुआत में ही तापमान और अधिक बढ़ सकता है, जिससे प्रदेश में गर्मी का दौर तेज हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story