तकनीक और रोबोटिक्स का अध्ययन आवश्यक: कुलगुरु प्रो. शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
तकनीक और रोबोटिक्स का अध्ययन आवश्यक: कुलगुरु प्रो. शर्मा


जोधपुर, 17 जून (हि.स.)। एमबीएम विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, ऑटोमेशन एवं आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से 30 दिवसीय समर रोबोटिक्स कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।

कार्यशाला के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कुलगुरु प्रो. अजय कुमार शर्मा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीक और रोबोटिक्स का अध्ययन आवश्यक है, लेकिन विद्यार्थियों को कभी भी रोबोट की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए। उन्होंने मानवीय संवेदनाओं, रचनात्मकता और नैतिक मूल्यों को जीवन में बनाए रखने पर बल दिया।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण विभागाध्यक्ष एवं कार्यशाला के संरक्षक प्रो. नेमीचन्द बरवड़ द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बताया कि विभाग विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को रोबोटिक डिजाइन, सेंसर, माइक्रोकंट्रोलर, प्रोग्रामिंग तथा विभिन्न रोबोटिक अनुप्रयोगों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता एवं नवाचार क्षमता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।

समारोह के विशिष्ट अतिथि एवं डीन छात्र कल्याण प्रो. एसके सिंह ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें उद्योग एवं शोध की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करती हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डीन, फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड आर्किटेक्चर प्रो. जयश्री वाजपेयी ने की। कार्यशाला के समन्वयक डॉ. आलोक सिंह गहलोत ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक गौड़ द्वारा किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story