मजबूत पश्चिम विक्षोभ सक्रिय, कल से दो दिन कई शहरों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि संभव

WhatsApp Channel Join Now
मजबूत पश्चिम विक्षोभ सक्रिय, कल से दो दिन कई शहरों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि संभव


जयपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर। पश्चिम विक्षोभ का असर रविवार को धीमा रहा। रविवार को आधा दर्जन शहरों को छोड़ दे तो बाकी शहरों में मौसम शुष्क रहा। रविवार को वनस्थली, कोटा,टोंक, करौली, श्रीगंगानगर सहित कुछ अन्य शहरों में बारिश हुई। सोमवार को एक बार फिर एक मजबूत पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर संभाग व शेखावाटी इलाके में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभव है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जयपुर और भरतपुर संभाग में छुटपुट स्थानों पर मेघगर्जन, हल्की बारिश दर्ज की गई बाकी अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। इससे प्रदेश के शहरों के पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 35.1 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 23 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 6 अप्रेल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में दोपहर बाद एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ भागों में पुन: तेज आंधी (40-50 किमी प्रतिघंटा) बारिश, व कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। 7 अप्रेल को विक्षोभ का सर्वाधिक असर होने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, तेज आंधी (50-60 किमी प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं ओलावृष्टि, मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। 8 अप्रेल को उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। 9 अप्रेल से आगामी 3-4 दिन अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार को पश्चिमी राजस्थान में एक दो जगह जबकि पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन एवं तेज झोकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राज्य में सर्वाधिक बारिश धोलपुर के बाड़ी में 40 मिलीमीटर दर्ज की गई।

जयपुर में रविवार को छितराए बादल छाए रहे और बादलों के बीच से धूप भी खिली। इससे पारे में उछाल दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के पारे में 1.2 और रात के पारे में 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को पश्चिम विक्षोभ के असर से जयपुर में आंधी-बारिश देखने को मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story