राजस्थान में ट्रैफिक नियमों की सख्ती: रोजाना हजारों वाहनों के कट रहे चालान
जयपुर, 22 जून (हि.स.)। सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को लेकर राजस्थान पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा महानिदेशक यातायात अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में 4 जून से चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक प्रदेशभर में 1 लाख 42 हजार 784 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान सबसे अधिक 53,475 वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाने के मामले में कार्रवाई की गई। इसके अलावा 36,631 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 19,925 अनाधिकृत शब्द, चिन्ह व लेखन, 14,252 अवैध रूप से मॉडिफाइड वाहन, 10,777 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर व हूटर तथा 7,724 प्रेशर हॉर्न/एयर हॉर्न वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मीणा ने बताया कि रविवार को प्रदेशभर में 5,428 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इनमें 1,927 ब्लैक फिल्म, 1,347 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 833 अनाधिकृत शब्द-चिन्ह, 640 अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 439 लाल-नीली बत्ती व हूटर तथा 242 प्रेशर हॉर्न के मामले शामिल हैं।
जिलावार कार्रवाई में जयपुर ग्रामीण 420 चालानों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। इसके बाद जयपुर पश्चिम (409), चित्तौड़गढ़ (237), जयपुर यातायात (214), अजमेर (195), भीलवाड़ा (192), बूंदी (190), झुंझुनूं (188), धौलपुर (155) तथा भरतपुर व भिवाड़ी (136-136) रहे।
डॉ. मीणा ने कहा कि अवैध ब्लैक फिल्म, गलत नंबर प्लेट, अनधिकृत हूटर और वाहनों में किए गए अवैध संशोधन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों की पालना करने और वाहनों में किसी प्रकार का अवैध परिवर्तन नहीं कराने की अपील की। पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

