झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीजीपी

WhatsApp Channel Join Now
झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीजीपी


जयपुर, 15 जून (हि.स.)। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में संगठित अपराध, नशा तस्करी, साइबर अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा गैंगस्टरों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने और उनकी आर्थिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए।

डीजीपी ने पुलिस अधीक्षकों को नशा तस्करी की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने तथा साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और पुलिसकर्मियों को आधुनिक अनुसंधान तकनीकों का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया।

सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों और शहरी क्षेत्रों में लेन अनुशासन की पालना सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान वर्षभर चलाने को कहा।

बैठक में डीजीपी ने नीट परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने पर भी विशेष जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story