जयपुर मेट्रो की संपत्तियों पर अवैध पोस्टर-बैनर लगाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। जयपुर मेट्रो के पिलर,स्टेशन परिसर,दीवारों और अन्य परिसंपत्तियों पर बिना अनुमति पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और पंपलेट लगाने अथवा नारे एवं विज्ञापन लिखकर सार्वजनिक संपत्ति को विरूपित करने वालों के खिलाफ मेट्रो पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों, संस्थाओं और संगठनों के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त मेट्रो रेल आयुक्तालय जयपुर की ओर से मंगलवार को इस संबंध में प्रेस नोट जारी कर आमजन को चेतावनी दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जयपुर मेट्रो की परिसंपत्तियों पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री चिपकाना या लिखावट के माध्यम से संपत्ति को विरूपित करना दंडनीय अपराध है।
मेट्रो पुलिस के अनुसार राजस्थान संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2006 एवं इसके लागू प्रावधानों के तहत सार्वजनिक संपत्ति को विरूपित करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है।
अधिनियम के तहत पहली बार अपराध करने पर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना अथवा एक वर्ष तक का कारावास या दोनों सजाएं दी जा सकती हैं। वहीं, दोबारा ऐसा अपराध करने पर दस हजार रुपये तक का जुर्माना अथवा दो वर्ष तक का कारावास या दोनों सजाओं का प्रावधान है।
मेट्रो पुलिस ने साफ किया है कि जयपुर मेट्रो की संपत्तियों पर अवैध रूप से प्रचार सामग्री लगाने या उन्हें लिखावट के जरिए विरूपित करने में शामिल व्यक्तियों, संस्थाओं, संगठनों तथा संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला सामने आने पर नियमानुसार एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस ऐसे मामलों में वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। मेट्रो पुलिस ने सामाजिक संगठनों, निजी संस्थाओं, विज्ञापन एजेंसियों और आमजन से अपील की है कि वे जयपुर मेट्रो के पिलर, स्टेशन परिसर, दीवारों और अन्य परिसंपत्तियों पर बिना अनुमति पोस्टर, बैनर, होर्डिंग या किसी अन्य प्रकार की प्रचार सामग्री नहीं लगाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

