गहलोत के बयान पर बोले सांसद सीपी जोशी, कांग्रेस में तय बड़ी टूट

WhatsApp Channel Join Now
गहलोत के बयान पर बोले सांसद सीपी जोशी, कांग्रेस में तय बड़ी टूट


गहलोत के बयान पर बोले सांसद सीपी जोशी, कांग्रेस में तय बड़ी टूट


चित्तौड़गढ़, 09 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के रविवार को कांग्रेस के अंदरूनी माहौल को लेकर दिए बयान के बाद राजस्थान की सियासत गरमा गई है। गहलोत के बयान पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने बड़ा दावा ठोक दिया। सांसद जोशी ने चित्तौड़गढ़ में कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस में एक बड़ी टूट तय है।

सांसद सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस अब दो नहीं, कई खेमों में बंट चुकी है। आने वाले दिनों में पार्टी में बहुत बड़ी टूट होने वाली है। उन्होंने कहा कि भले यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है, लेकिन साफ दिख रहा है कि कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी लगने लगा है कि पूरे देश में पार्टी का अस्तित्व समाप्त हो रहा है। रविवार को अशोक गहलोत ने कांग्रेस में चल रहे माहौल पर चिंता जताई थी। इसी बयान पर सांसद सीपी जोशी ने कहा कि गहलोत का बयान ऐसे समय आया है जब डोटासरा को हटा कर सचिन पायलट को पीसीसी चीफ बनाने की आहट सुनाई दे रही है। यह उसी अंदरूनी लड़ाई का हिस्सा है।

सांसद जोशी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न नीति है, न नियत और न ही नेतृत्व। देश की जनता का विश्वास कांग्रेस से उठ चुका है। उन्होंने कांग्रेस को 'एंटी नेशनल और तुष्टिकरण का चेहरा' करार दिया। कांग्रेस ने राम मंदिर, धारा 370, तीन तलाक, वन नेशन वन इलेक्शन, महिला आरक्षण, नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे हर राष्ट्रहित के काम में कांग्रेस ने विरोध किया है। जनता ने यह सब देखा है।

सीपी जोशी ने दावा किया कि गहलोत-पायलट का द्वंद पुराना है और यह लड़ाई अभी शुरुआती है। राजस्थान में कांग्रेस हमेशा के लिए रसातल में जाने वाली है। आने वाले दिनों में इसका बड़ा परिणाम राजस्थान की जनता देखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story