ओलंपियन विवान को जोधपुर के जुनैद ने दी टक्कर, कांस्य जीता

WhatsApp Channel Join Now
ओलंपियन विवान को जोधपुर के जुनैद ने दी टक्कर, कांस्य जीता


जोधपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। 24वीं राजस्थान स्टेट ओपन शूटिंग चैंपियनशिप (शॉटगन ट्रैप) में जोधपुर के शूटर सैयद जुनैद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओलंपियन और एशियन मेडलिस्ट विवान कपूर को अंत तक कड़ी चुनौती दी।

पहले दिन ही जुनैद ने 25 में से 24 सटीक निशाने लगाकर विवान कपूर की बराबरी कर सभी को चौंका दिया था। दूसरे दिन भी जुनैद ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 25 में से 23 निशाने साधे और मुकाबले को बेहद रोमांचक बनाए रखा। फाइनल चरण में ओलंपियन विवान कपूर ने 25 में से 24 निशाने लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं उद्दव सिंह और सैयद जुनैद दोनों ने 23-23 अंक अर्जित किए। हालांकि प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार उद्दव सिंह को रजत पदक और सैयद जुनैद को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story