राज्य स्तरीय सीनियर तैराकी में हिमांशु की स्वर्णिम तिकड़ी

WhatsApp Channel Join Now
राज्य स्तरीय सीनियर तैराकी में हिमांशु की स्वर्णिम तिकड़ी


जोधपुर, 06 जून (हि.स.)। राज्य स्तरीय सीनियर तैराकी प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में जोधपुर के हिमांशु सियाग ने 1500 मीटर फ्री स्टाइल, 800 मीटर फ्री स्टाइल और 400 मी इंडिविजुअल मेडले में तीन स्वर्ण पदक जीते, वही 400 मीटर फ्री स्टाइल में रजत तथा 200 मी इंडिविजुअल मेडले में कांस्य पदक के साथ पांच व्यक्तिगत तथा तीन टीम मेडल के साथ कुल 8 मेडल अपनी झोली में डालकर न केवल राज्य स्तर का श्रेष्ठ तैराक घोषित किया गया बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर उसका चयन भी हुआ।

अमृतलाल गहलोत स्टेडियम के नियमित प्रशिक्षु हिमांशु सियाग के कोच व उसके पिता टीकमचंद सियाग ने बताया कि अपनी नियमित साधना और कंसिस्टेंसी के बल पर हिमांशु ने यह उपलब्धि हासिल की है। अमृतलाल तरण ताल जोधपुर के वरिष्ठतम तैराक डॉ. बीएल जाखड, नवीन भाटी, सुमन कवर राणावत, डॉ. एसके बिश्नोई सहित आजीवन सदस्यों और नियमित तैराकों ने बताया कि हिमांशु के साथ ही जोधपुर की कृष्णा सियाग ने भी वरिष्ठ महिला तैराकी प्रतियोगिता में चार रजत, तीन कांस्य पदक सहित कुल सात पदक जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। डॉ. बीएल जाखड़ ने बताया कि 16 से 21 जून तक अहमदाबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हिमांशु को तरणताल के सभी नियमित सदस्यों ने शुभकामनाएं सहित रवाना किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story