अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य स्तरीय पुलिस सम्मेलन में महिला सुरक्षा पर होगा मंथन
जयपुर, 07 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राजस्थान पुलिस की ओर से आगामी मंगलवार को एक राज्य स्तरीय पुलिस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सिविल राइट्स एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम जयपुर स्थित एचसीएम रीपा के भगवत सिंह मेहता सभागार में प्रातः 9:30 बजे से आयोजित होगा।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सिविल राइट्स एवं एएचटी लता मनोज कुमार ने बताया कि इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा होंगे। इसके साथ ही महिला सुरक्षा के आधुनिक पहलुओं पर चर्चा के लिए सम्मेलन को तीन महत्वपूर्ण सत्रों में बांटा गया है। इस कार्यक्रम के प्रथम सत्र में डीजीपी शर्मा द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को अवार्ड्स और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके पश्चात वे उपस्थित अधिकारियों और सहभागियों को संबोधित भी करेंगे।
द्वितीय सत्र में उप महानिरीक्षक पुलिस साइबर क्राइम विकास शर्मा द्वारा साइबर सुरक्षा विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा, ताकि डिजिटल युग में महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। तृतीय सत्र में इस सत्र का मुख्य विषय नवीन आपराधिक कानून में महिला सुरक्षा रखा गया है। इस पर उप महानिरीक्षक पुलिस सीआईडी सीबी दीपक भार्गव अपना प्रस्तुतिकरण और उद्बोधन देंगे।
वहीं कार्यक्रम के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों की ड्यूटियां तय कर दी गई हैं। उप महानिरीक्षक पुलिस सिविल राइट्स श्वेता धनखड़ को पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का प्रभारी बनाया गया है।
सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए अतिथियों का स्वागत ग्रीन स्वागत के तहत पौधों से किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले सहभागियों के लिए राजस्थान पुलिस अकादमी में ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

