बीकानेर में साेमवार से सजेगा राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप का मंच

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में साेमवार से सजेगा राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप का मंच


बीकानेर, 01 नवंबर (हि.स.)। जिला जिम्नास्टिक्स संघ, बीकानेर के तत्वावधान में राजस्थान जिम्नास्टिक्स संघ के सान्निध्य में आयोजित प्रथम राजस्थान राज्य स्तरीय यूथ आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप 2026-27 का शुभारंभ साेमवार, 2 नवंबर से मल्टीपर्पज इंडोर हॉल, डॉ. करणी सिंह स्टेडियम, बीकानेर में होगा। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों एवं अधिकारियों का आगमन शुरू हो चुका है। आज लगभग 225 खिलाड़ी और 60 अधिकारी आयोजन स्थल पर पहुँच चुके हैं। खिलाड़ियों का प्रवेश एवं पंजीकरण कार्य भी संपन्न किया गया।

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर आज पूरे दिन आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष, जिला जिम्नास्टिक्स संघ के अध्यक्ष सीए सुधीश शर्मा एवं मIणक व्यास सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरे दिन आयोजन स्थल पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की देखरेख करते रहे। राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक्स संघ के पदाधिकारी भी बीकानेर पहुँच चुके हैं तथा उन्होंने प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी संभाल ली है। तकनीकी कार्यों को व्यवस्थित करने के लिए राज्य संघ के पदाधिकारियों ने स्थानीय आयोजन समिति के साथ समन्वय स्थापित किया है।

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर आज आयोजित बैठक में कान सिंह राठौड़ एवं परमेश्वर जी ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा विभिन्न कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निशु लिम्बा एवं उनकी टीम भी प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा एवं समर्पण के साथ जुटी हुई है। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के पंजीकरण, आवास, भोजन, पेयजल, खेल उपकरण, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया गया। मल्टीपर्पज इंडोर हॉल की विशेष रूप से साफ-सफाई कर उसे सुव्यवस्थित किया गया है। अब हॉल प्रतियोगिता के साथ-साथ 3 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘द जिम्नास्टिक्स शो’ के लिए भी तैयार है।

प्रतियोगिता के पहले दिन 2 नवंबर को सुबह 8 बजे से मुकाबले शुरू होंगे। उद्घाटन समारोह सुबह 11:30 बजे आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में बीकानेर के पुलिस अधीक्षक, पूनम कुलरिया एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770742 Articles

Share this story