भामाशाह सम्मान समारोह 29 जून को, 276 से अधिक दानदाता होंगे सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
भामाशाह सम्मान समारोह 29 जून को, 276 से अधिक दानदाता होंगे सम्मानित


जयपुर, 26 जून (हि.स.)। शिक्षा के क्षेत्र में जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 का आयोजन 29 जून को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री मदन दिलावर करेंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 276 से अधिक भामाशाह, प्रेरक एवं एनआरआई दानदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में 154 भामाशाह, 99 प्रेरक तथा 23 एनआरआई दानदाता शामिल हैं। इन दानदाताओं ने राजकीय विद्यालयों में भवन निर्माण, अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, भूमि उपलब्ध कराने तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

शिक्षा विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान भामाशाहों और दानदाताओं के सहयोग से विभाग को 318 करोड़ रुपये का योगदान प्राप्त हुआ है। इस सहयोग से प्रदेश के अनेक सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story