बाड़ा पदमपुरा में होगा राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन, तैयारियों को लेकर बैठक में बनी कार्ययोजना

WhatsApp Channel Join Now
बाड़ा पदमपुरा में होगा राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन, तैयारियों को लेकर बैठक में बनी कार्ययोजना


जयपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) का राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन बाड़ा पदमपुरा में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को जयपुर संभाग की बैठक शहीद अभय पारीक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय जयपुर में हुई। बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों और कार्यदलों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जयपुर संभाग अध्यक्ष अर्जुन सिंह जाट ने की। इस दौरान आगामी प्रदेश सम्मेलन की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा तथा सम्मेलन की व्यवस्थाओं को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने और निर्धारित समय सीमा में सौंपे गए दायित्वों को पूरा करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग एकत्र करने का कार्य संतोषजनक चल रहा है और इसे 30 नवंबर तक पूरा किया जाना है। उन्होंने प्रदेश के दायित्ववान कार्यकर्ताओं से सम्मेलन स्थल पर कम से कम एक दिन प्रवास करने की भी अपेक्षा जताई।

प्रदेश महामंत्री महेंद्र लखारा ने कहा कि सम्मेलन की सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सामूहिक भावना के साथ कार्ययोजना बनाकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री बसंत जिंदल ने 15 नवंबर को प्रदेशभर में आयोजित जिला स्तरीय महिला सम्मेलनों की समीक्षा की।

उन्होंने जयपुर संभाग के जिला मंत्रियों से सम्मेलन को लेकर फीडबैक लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सम्मेलन की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए विभिन्न समितियों एवं कार्यदलों के गठन पर चर्चा की गई। इनमें टेंट-पंडाल, आवास, भोजन निर्माण, भोजन वितरण, एलईडी एवं ध्वनि व्यवस्था, यातायात, पंजीयन, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी शामिल है।

बैठक का संचालन संभाग संयुक्त मंत्री मेघराज शर्मा ने किया।

इस दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा के लिए अगली आभासी बैठक 30 नवंबर को आयोजित होगी, जबकि इसके बाद 13 दिसंबर को तैयारी बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781396 Articles

Share this story