जयपुर में सजेगा विश्व सिनेमा का मंच: 27 अगस्त को 29 फिल्मों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में सजेगा विश्व सिनेमा का मंच: 27 अगस्त को 29 फिल्मों का प्रदर्शन


जयपुर में सजेगा विश्व सिनेमा का मंच: 27 अगस्त को 29 फिल्मों का प्रदर्शन


जयपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट की ओर से आयोजित 9वें आर्यन इंटरनेशनल चिल्ड्रन्स फिल्म फेस्टिवल ऑफ जयपुर (एआईसीएफएफ-2026) और 11वें सिक्सटीन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स (16आईएफएफ-2026) के पुरस्कारों की घोषणा बुधवार को की गई। भारत सहित विभिन्न देशों की चयनित फिल्मों को कहानी, निर्देशन, रचनात्मकता और विषयवस्तु के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

एआईसीएफएफ-2026 में डेविड बाउटे के निर्देशन में बनी पनामा और स्पेन की फिल्म ‘ब्लैक बटरफ्लाइज’ को सर्वश्रेष्ठ एनिमेशन फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया। भारत की सुवीर सहगल निर्देशित ‘रीबिल्डिंग फ्रीडम’ को सर्वश्रेष्ठ लघु वृत्तचित्र/विद्यार्थी फिल्म चुना गया।

ग्रीस की इयूलिया लिम्पेरोपोलू की ‘द पैच’ को सर्वश्रेष्ठ लघु एनिमेशन फिल्म और फ्रांस की लायना तादून तथा सोफियान चौआइब निर्देशित ‘या हनौनी’ को सर्वश्रेष्ठ लघु कथा फिल्म का पुरस्कार मिला। बेनिन की जेसुगनोन गेडेओन टाइट फिनीसेस सेठ अहूनू की ‘बेनिन माई हार्ट’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया। वहीं भारत की राजेंद्र श्रीहरी बागाटे और वैभव गणेश कुलकर्णी की मराठी फीचर फिल्म ‘चिकीजिंग’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर कथा फिल्म का पुरस्कार मिला।

11वें सिक्सटीन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स (16आईएफएफ-2026) में कनाडा की अनिक सालास निर्देशित ‘द स्कैंडिनेवियन मेथड’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। ईरान की फरीद वलीजादेह की ‘काउंट टू 10’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर कथा फिल्म चुना गया।

ईरान की मिलाद शिरी निर्देशित ‘द ट्रांसलेटर’ को सर्वश्रेष्ठ लघु कथा फिल्म का पुरस्कार मिला। भारत की कंवल जीत जावा, श्रीनिवास देवरकोंडा और शम्स तनवीर की ‘हम नई सुबह की किरणें हैं, यह नया जमाना हमारा है–डीजेआईएमई’ को सर्वश्रेष्ठ लघु वृत्तचित्र फिल्म और दक्षिण कोरिया की सोही जिऑन की ‘बटरफ्लाई आइज’ को सर्वश्रेष्ठ लघु एनिमेशन फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया गया।

जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट के संस्थापक निदेशक हनु रोज ने कहा कि एआईसीएफएफ और 16आईएफएफ के माध्यम से जयपुर के बच्चों, विद्यार्थियों और युवा दर्शकों को भारत के साथ-साथ दुनिया के विभिन्न देशों की बेहतरीन और विचारोत्तेजक फिल्मों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस वर्ष पुरस्कार प्राप्त फिल्मों ने अपनी अलग-अलग कहानियों, संस्कृतियों और विषयों के माध्यम से सिनेमा की विविधता और प्रभाव को सामने रखा है।

उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के लिए सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, संवेदनशीलता, रचनात्मक सोच और सामाजिक जागरूकता विकसित करने का प्रभावशाली माध्यम भी है। एआईसीएफएफ इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है।

दोनों फिल्म समारोहों के तहत 27 अगस्त 2026 को जयपुर के रायन इंटरनेशनल स्कूल, वीटी रोड, मानसरोवर और डॉल्फिन्स हाई स्कूल, प्रताप नगर में फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान दक्षिण कोरिया, ईरान, फिलिस्तीन, अमेरिका, नॉर्वे, कनाडा, मैक्सिको, पाकिस्तान, भारत, ऑस्ट्रेलिया, ग्रीस, रूस, फ्रांस और यूनाइटेड किंगडम सहित विभिन्न देशों की 29 चयनित फिल्मों का प्रदर्शन होगा।

इन फिल्मों में बच्चों, परिवार, शिक्षा, पर्यावरण, सामाजिक सरोकार, मानवीय मूल्यों, साहसिक कथाओं, कल्पना और मनोरंजन से जुड़े विविध विषय शामिल हैं। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अंतरराष्ट्रीय सिनेमा से जोड़ना और फिल्मों के माध्यम से शिक्षा, रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता तथा मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story