उदयपुर में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर के लिए स्टाफ मंजूर, जल्द शुरू होगा संचालन

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर के लिए स्टाफ मंजूर, जल्द शुरू होगा संचालन


उदयपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर में प्रस्तावित केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) वेलनेस सेंटर के संचालन का रास्ता अब साफ हो गया है। केंद्र सरकार ने इस सेंटर के लिए आवश्यक स्टाफ पदों को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से स्टाफ की कमी के कारण सेंटर शुरू करने में आ रही तकनीकी बाधा अब दूर हो गई है। उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रयासों के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह स्वीकृति जारी की है।

सांसद डॉ. रावत ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने उन्हें स्वयं फोन कर स्टाफ पदों की मंजूरी की जानकारी दी। वेलनेस सेंटर के लिए फिलहाल चार प्रमुख पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें एक मेडिकल ऑफिसर, एक नर्सिंग ऑफिसर, एक फार्मासिस्ट और एक जूनियर हेल्थ एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं कि इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर जल्द से जल्द सेंटर का संचालन प्रारंभ किया जाए।

उदयपुर में स्थापित होने वाला यह वेलनेस सेंटर दक्षिण राजस्थान का पहला और एकमात्र सीजीएचएस वेलनेस सेंटर होगा। वर्तमान में क्षेत्र में रहने वाले हजारों केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स को चिकित्सा सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है या निजी अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है। सेंटर शुरू होने के बाद उन्हें अपने शहर में ही उपचार और दवाइयों की सुविधा मिल सकेगी।

दरअसल, पिछले काफी समय से स्थानीय कर्मचारी संगठनों की ओर से उदयपुर में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर खोलने की मांग की जा रही थी। कुछ समय पहले केंद्र सरकार ने सेंटर खोलने की घोषणा भी कर दी थी, लेकिन स्टाफ की मंजूरी नहीं मिलने से यह योजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी।

स्टाफ स्वीकृति के बाद सांसद डॉ. रावत ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर आभार जताया है। साथ ही उन्होंने जयपुर स्थित सीजीएचएस के अतिरिक्त निदेशक को निर्देश देने का अनुरोध किया है कि उदयपुर वेलनेस सेंटर को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू किया जाए, ताकि कर्मचारियों और पेंशनर्स को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story