श्रीगंगानगर गैंगरेप कांड: तीन होटल ध्वस्त, अब तक 14 आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
श्रीगंगानगर गैंगरेप कांड: तीन होटल ध्वस्त, अब तक 14 आरोपित गिरफ्तार


श्रीगंगानगर, 01 जुलाई (हि.स.)। तेरह वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में प्रशासन ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन होटलों पर बुलडोजर चला दिया। सुबह करीब 3:30 बजे भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी व हाइड्रोलिक मशीनों से होटल खुंगर, जॉय इन और होटल सफायर को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।

मामले की शुरुआत 23 जून को हुई, जब पुलिस ने शहर के एक होटल में छापेमारी कर 13 वर्षीय नाबालिग को बंधक अवस्था में बरामद किया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होटल संचालक और मैनेजर नाबालिग को होटल में रखकर अन्य लोगों को बुलाते थे, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक रिक्शा चालक उसे होटल संचालकों के पास बेचकर चला गया था। घटना के खुलासे के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपिताें की गिरफ्तारी और होटलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन किए।

जनदबाव के बीच प्रशासन ने तीनों होटलों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की।

बुलडोजर अभियान के दौरान एसडीएम नयन गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा, सीओ सिटी विष्णु खत्री, कोतवाल सहित 50 से अधिक पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।

पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि मामले में अब तक 14 आरोपिताें को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की जांच लगातार जारी है और प्रकरण में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story