बच्चों को मोबाइल से दूर कर खेल मैदान से जोड़ने के लिए 8 नवंबर को होगा 'खेल वाली दिवाली' आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों को मोबाइल से दूर कर खेल मैदान से जोड़ने के लिए 8 नवंबर को होगा 'खेल वाली दिवाली' आयोजन


बीकानेर, 05 नवंबर (हि.स.)। बच्चों को मोबाइल की दुनिया से बाहर निकालकर खेलों से जोड़ने और परिवारों में फिटनेस संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से बीकानेर में 8 नवंबर को 'खेल वाली दिवाली' का आयोजन किया जाएगा। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन (डीएसएफ) के तत्वावधान में खेलो बीकानेर क्लब की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बच्चों के साथ अभिभावकों को भी खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

डीएसएफ के निदेशक उमाशंकर ने बताया कि 'संडे स्पोर्ट्स लैब' के तहत आयोजित यह कार्यक्रम रविवार सुबह 6:15 बजे लिलिपॉन्ड में होगा। इसकी थीम 'स्क्रीन डाउन, गेम ऑन- मोबाइल से दूरी, मैदान से दोस्ती' रखी गई है। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में बच्चों का अधिकतर समय मोबाइल और स्क्रीन पर बीत रहा है। खेल इसका सकारात्मक विकल्प हैं। खेलों से बच्चों में शारीरिक सक्रियता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि इस दीपावली बच्चों को पटाखों के बजाय गेंद, बैडमिंटन, फुटबॉल, कैरम, शतरंज और अन्य खेलों से जुड़ी सामग्री उपहार में दें, ताकि उनमें खेलों के प्रति रुचि विकसित हो सके।

डीएसएफ की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि इस बार का आयोजन बच्चों और अभिभावकों के लिए विशेष रहेगा। खेलो बीकानेर क्लब की टीम भी प्रतिभागियों के लिए दिवाली के खास उपहार लेकर आ रही है। उन्होंने बीकानेर के बच्चों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को खेलों से जोड़ने में अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। जब माता-पिता स्वयं बच्चों के साथ मैदान में उतरते हैं, तो उनका उत्साह बढ़ता है और परिवार में फिटनेस की संस्कृति विकसित होती है। संस्था का प्रयास है कि बच्चे स्क्रीन पर बिताया जाने वाला समय कम करें, नियमित रूप से खेलें और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।

लिम्बा ने बताया कि फाउंडेशन ने 'हर घर में एक खिलाड़ी, हर बच्चा मैदान में, मिशन 2036 का ओलंपिक खिलाड़ी' का संकल्प लिया है। संस्था खेलों को मनोरंजन तक सीमित न रखकर स्वस्थ समाज, सशक्त युवा और बेहतर भविष्य के निर्माण का माध्यम बनाना चाहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772807 Articles

Share this story