आध्यात्मिक गुरु दाजी की राजस्थान यात्रा आरम्भ, शनिवार को आएंगे जोधपुर

WhatsApp Channel Join Now
आध्यात्मिक गुरु दाजी की राजस्थान यात्रा आरम्भ, शनिवार को आएंगे जोधपुर


जोधपुर, 27 मार्च (हि.स.)। श्री रामचन्द्र मिशन के अध्यक्ष एवं हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक कमलेश डी. पटेल (दाजी) अपनी राजस्थान यात्रा के क्रम में 28 मार्च को जोधपुर आएंगे।

हार्टफुलनेस के क्षेत्रीय सूत्रधार विकास मोघे ने बताया कि इस यात्रा का आरम्भ 25 मार्च को कोटा से हुआ, जिसके अंतर्गत दाजी चित्तौडग़ढ़, अजमेर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, रतनगढ़, सीकर, अलवर एवं भिवाड़ी का भ्रमण करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा दाजी को राज्य अतिथि (स्टेट गेस्ट) का सम्मान प्रदान किया गया है। दाजी एक आध्यात्मिक गुरु होने के साथ-साथ अनेक पुस्तकों के लेखक भी हैं। उनकी प्रमुख पुस्तकों में द हार्टफुलनेस वे एवं द विज्डम ब्रिज बेस्ट सेलर रही हैं।

इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में प्रकाशित होली तीर्थंकर एवं हार्ट ऑफ लॉर्ड राम भी अध्यात्म प्रेमियों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय हो रही हैं। वर्तमान में हार्टफुलनेस विश्व के लगभग 160 देशों में हृदय ध्यान पद्धति का प्रचार-प्रसार कर रहा है तथा लगभग 16 हजार प्रशिक्षकों द्वारा नि:शुल्क ध्यान प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। जोधपुर के मंडल प्रभारी दीपक कलवानी एवं केंद्र प्रभारी छोटूसिंह भाटी ने बताया कि इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान दाजी 28 मार्च को सत्संग के लिए जोधपुर पहुंचेंगे।

इस अवसर पर उनके सानिध्य में दो से तीन सत्संग आयोजित किए जाएंगे। सत्संग का समय सुबह 7.30 और शाम छह बजे निर्धारित किया गया है। सभी कार्यक्रम राघव विलास (जसवंतगढ़), गोपाल बारी, चौपासनी में आयोजित होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story