दो दिवसीय स्पाइन सेमिनार और ऑर्थोपेडिक पीजी टीचिंग प्रोग्राम शुरू
रीढ़ की हड्डी से जुड़ी बीमारियों पर होगा पैनल विमर्श
जोधपुर, 28 नवम्बर (हि.स.)। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग की ओर से दो दिवसीय स्पाइन सेमिनार एवं अस्थि रोग स्नातकोत्तर शिक्षण कार्यक्रम आज से आयोजित किया जा रहा है। बॉम्बे ऑर्थोपेडिक सोसाइटी एवं जोधपुर ऑर्थोपेडिक सर्जन सोसाइटी के तत्वावधान में हो रहे इस कार्यक्रम में देश के विशेषज्ञ चिकित्सक भाग ले रहे है।
आयोजन चेयरपर्सन एवं अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण वैश्य ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन अस्थि रोग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए विशेष शिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई है। इसमें विद्यार्थी विभिन्न प्रकार के चिकित्सकीय मामलों का प्रस्तुतीकरण दे रहे है।
मुंबई से आए विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा उन्हें मरीजों की जांच, चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। आयोजन सचिव एवं रीढ़ की हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र सिंह टाक ने बताया कि दूसरे दिन रीढ़ की हड्डी से संबंधित बीमारियों पर विशेष संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें स्लिप डिस्क, रीढ़ की हड्डी की टीबी तथा हड्डियों की कमजोरी के कारण होने वाले रीढ़ के फ्रैक्चर जैसी समस्याओं पर विशेषज्ञों के बीच परिचर्चा होगी। इसमें रोगों की पहचान, उपचार के विकल्प और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मुंबई से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम जोधपुर पहुंची है। इसमें डॉ. गौतम जावेरी, डॉ. नौशाद हुसैन, डॉ. देवेश ढोलकिया, डॉ. अमित शर्मा एवं डॉ. सिद्धार्थ शाह शामिल हैं। ये विशेषज्ञ अस्थि रोग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर मरीजों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक चिकित्सकीय कौशल और बारीकियों से अवगत कराएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

