(अपडेट) तेज रफ्तार कार ने परिवार को कुचला: पिता-बेटी समेत तीन की मौत
जयपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में सांगानेर स्टेडियम के पास रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चारों सदस्य सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर ने पिता और उनकी तीन वर्षीय बेटी को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां और पांच वर्षीय बेटा गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से भागने लगा और रास्ते में तीन अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। पुलिस ने पीछा कर कार चालक और उसके साथी को पकड़ लिया।
मालपुरा गेट थानाधिकारी उदयभान यादव ने बताया कि हादसे में प्रताप नगर सेक्टर-19 निवासी विष्णु (35) और उनकी बेटी सृष्टि (3) की मौत हुई है। विष्णु की पत्नी श्वेता केसरी (32) और बेटा चिराग (5) गंभीर घायल हैं। दोनों को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल अन्य बाइक सवार राजेंद्र (35) की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। राजेंद्र सांगानेर के सचिवालय विहार निवासी थे।
पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार कार चौरड़िया पेट्रोल पंप से सांगासेतु पुलिया की ओर जा रही थी। सांगानेर स्टेडियम के पास कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण बाइक समेत चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। उसी समय सामने से आ रहे ट्रेलर ने सड़क पर गिरे विष्णु और उनकी बेटी सृष्टि को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए और सड़क पर मांस के टुकड़े बिखर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विष्णु और सृष्टि को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद कार चालक रुकने के बजाय मौके से भागने लगा। सांगानेर थाने की ओर एलएमबी चौराहे के पास बेकाबू कार ने बाइक और स्कूटी समेत तीन वाहनों को टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकाबंदी करवाई और कार का पीछा शुरू किया। पुलिस ने हल्दीघाटी गेट के पास कार को रोककर चालक और उसके साथी को पकड़ लिया तथा कार जब्त कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित चालक ने सांगानेर थाने के यू-टर्न के पास एक अन्य बाइक को भी टक्कर मारी थी। इस हादसे में बाइक सवार राजेंद्र गंभीर घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने संयुक्त रिपोर्ट के आधार पर हिट एंड रन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार चालक उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

