निकाय चुनाव में कांग्रेस के घमासान से भाजपा की होगी शानदार जीत: राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
निकाय चुनाव में कांग्रेस के घमासान से भाजपा की होगी शानदार जीत: राठौड़


जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने निकाय चुनाव में टिकट वितरण के बाद कांग्रेस में मचे घमासान पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को भाजपा की चिंता छोड़कर पहले अपने घर की कलह संभालनी चाहिए। उन्होंने भाजपा में नाराजगी और डैमेज कंट्रोल की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा, “भाजपा में डैमेज हुआ ही नहीं तो कंट्रोल कैसा?”

राठौड़ ने कहा कि भाजपा व्यक्ति आधारित नहीं, बल्कि विचार और संगठन आधारित पार्टी है। यहां पद से बड़ा संगठन और संगठन से बड़ा राष्ट्र है। टिकट की अपेक्षा रखने वाले कार्यकर्ता भी पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे।

उन्होंने कांग्रेस पर महिला सशक्तीकरण के नारों और व्यवहार में अंतर का आरोप लगाते हुए कहा कि जयपुर में टिकट नहीं मिलने के बाद युवा कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों ने पार्टी की अंदरूनी खींचतान को उजागर कर दिया है। कांग्रेस को बताना चाहिए कि टिकट कार्यकर्ता की योग्यता, जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण के आधार पर मिलता है या व्यक्तिगत समीकरणों और एहसानों के आधार पर।

राठौड़ ने कहा कि बीकानेर में टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट भी पार्टी में असंतोष की स्थिति को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनाव में भाजपा की संगठनात्मक ताकत और जनता के विश्वास की जीत होगी। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर चुनाव की तैयारी में जुटे हैं, जबकि कांग्रेस टिकटों के बंटवारे और आपसी खींचतान में उलझी हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब आरोप-प्रत्यारोप और अंतर्कलह नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व चाहती है। भाजपा इसी विश्वास के साथ निकाय चुनाव में आगे बढ़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story