दीपावली पर एसएमएस अस्पताल में 24 घंटे तैनात रहेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर एसएमएस अस्पताल में 24 घंटे तैनात रहेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर


जयपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर पटाखों से होने वाले हादसों और अन्य दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। अस्पताल की इमरजेंसी में 6 से 11 नवंबर तक 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती रहेगी। इसके लिए एसएमएस अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने आदेश जारी किए हैं।

एसएमएस अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी के अनुसार विशेष व्यवस्था के तहत इमरजेंसी मेडिसिन के साथ नेत्र रोग, बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी, न्यूरोसर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक विभाग से हर समय एक असिस्टेंट प्रोफेसर और एक सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर तैनात रहेगा। इससे पटाखों से आंख, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में जलने या चोट लगने के मामलों में मरीजों को तत्काल विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा। गंभीर दुर्घटना के मरीजों के उपचार में भी देरी नहीं होगी।

अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी विभाग के अध्यक्ष को भी पत्र लिखकर आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ऑपरेशन थियेटर में जरूरी उपकरणों का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है, ताकि मरीज के पहुंचने पर दवा या उपकरणों की कमी के कारण उपचार प्रभावित नहीं हो।

सामान्य दिनों में अस्पताल की इमरजेंसी में मुख्य रूप से जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी और कार्डियक विभाग से जुड़े डॉक्टरों की ड्यूटी रहती है। वहीं दीपावली सहित बड़े त्योहारों पर संभावित हादसों को देखते हुए अन्य विशेषज्ञ विभागों के डॉक्टरों को भी विशेष रूप से तैनात किया जाता है।

एसएमएस अस्पताल में दीपावली के दौरान हर साल पटाखों और अन्य दुर्घटनाओं से झुलसने वाले 100 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें आंखों से संबंधित चोटों के कई गंभीर मामले भी शामिल होते हैं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर कुछ मामलों में आंखों की रोशनी तक प्रभावित होने का खतरा रहता है। जयपुर के अलावा आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों से भी गंभीर मरीज एसएमएस अस्पताल में रैफर होकर आते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन ने त्योहार के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और जरूरी संसाधनों पर विशेष जोर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story