प्रयागराज-असारवा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 21 अक्टूबर से, डूंगरपुर में भी ठहराव

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज-असारवा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 21 अक्टूबर से, डूंगरपुर में भी ठहराव


डूंगरपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने प्रयागराज-असारवा-प्रयागराज के बीच साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 21 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक दोनों दिशाओं में छह-छह फेरे लगाएगी। ट्रेन का ठहराव डूंगरपुर सहित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर होगा, जिससे राजस्थान, उत्तर प्रदेश और गुजरात के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04165 प्रयागराज-असारवा साप्ताहिक स्पेशल 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। यह प्रयागराज से सुबह पांच बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:45 बजे असारवा पहुंचेगी। इसी तरह, गाड़ी संख्या 04166 असारवा-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। यह असारवा से सुबह 8:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार, दोनों दिशाओं में ट्रेन फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा, फिरोजाबाद, टूंडला, ईदगाह, फतेहपुर सीकरी, रूपबास, बयाना, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, केशोरायपाटन, बूंदी, मांडलगढ़, चंदेरिया, मावली, राणाप्रतापनगर, उदयपुर सिटी, जावर, सेमारी, डूंगरपुर, लुसाडिया और हिम्मतनगर स्टेशनों पर ठहरेगी।

स्पेशल ट्रेन में पांच थर्ड एसी, आठ द्वितीय शयनयान और चार साधारण श्रेणी के डिब्बे होंगे। इनके अलावा एक गार्ड और एक पावरकार डिब्बा भी लगाया जाएगा। त्योहारों के दौरान इस अतिरिक्त रेलसेवा से यात्रियों को आवागमन का एक और विकल्प उपलब्ध होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762210 Articles

Share this story