जयपुर में फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग, कंगना रनौत और मुख्यमंत्री रहे मौजूद

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग, कंगना रनौत और मुख्यमंत्री रहे मौजूद


जयपुर में फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग, कंगना रनौत और मुख्यमंत्री रहे मौजूद


जयपुर, 12 जून (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत शुक्रवार शाम जयपुर में अपनी फिल्म भारत भाग्य विधाता की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल हुईं। ईपी मिराज सिनेमाघर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कंगना रनौत ने कहा कि फिल्म देश के उन “अनसुने नायकों” की कहानी है, जिन्होंने समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन उन्हें अपेक्षित पहचान नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि फिल्म ऐसे लोगों को समर्पित है जो मानवता की सेवा में निरंतर जुटे रहते हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि यह राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित लोगों के योगदान को सामने लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि अनेक लोगों ने गुमनाम रहकर देश की सेवा की है और ऐसी प्रेरणादायक कहानियां समाज को नई दिशा देती हैं।

फिल्म की स्क्रीनिंग में जयपुर और आसपास के क्षेत्रों से 200 से अधिक नर्सों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। फिल्म में नर्सिंग पेशे से जुड़े लोगों के जीवन, संघर्ष और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान को प्रमुखता से दर्शाया गया है।

फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें उन लोगों की कहानियों को भी प्रस्तुत किया गया है, जिन्होंने संकट के समय अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया ने बताया कि इसका उद्देश्य समाज के उन वर्गों की आवाज बनना है, जिनके योगदान को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।

स्क्रीनिंग के बाद नर्सिंग समुदाय और दर्शकों ने फिल्म की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील और प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नर्सों का सम्मान भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story