बुधादित्य और पुष्य नक्षत्र के महासंयोग पर महकी गुलाबी नगरी

WhatsApp Channel Join Now
बुधादित्य और पुष्य नक्षत्र के महासंयोग पर महकी गुलाबी नगरी


बुधादित्य और पुष्य नक्षत्र के महासंयोग पर महकी गुलाबी नगरी


जयपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। जयपुर शहर में बुधवार को बुध-पुष्य नक्षत्र के अत्यंत शुभ और दुर्लभ महासंयोग पर प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी के विभिन्न मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की धूम रही। मोती डूंगरी गणेश जी, झोटवाड़ा गणेश मंदिर और परकोटा स्थित गणेश मंदिरों सहित शहर के सभी प्रमुख देवालयों में तड़के से ही भक्तों का तांता लगा रहा। भगवान गजानन का अभिषेक कर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई।

ब्रह्मपुरी माउंट रोड पर स्थित अति प्राचीन, दाहिनी सूंड वाले दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेश जी महाराज के मंदिर में बुधवार को भव्य आयोजन हुए। मंदिर के युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि बुध-पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर प्रातः 11 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर महंत पं. जय शर्मा के सान्निध्य में प्रभु गजानंद जी का दूर्वा मार्जन (दूर्वा घास के औषधीय व पवित्र जल) से पंचामृत अभिषेक किया गया। अभिषेक के पश्चात गणपति जी को नवीन पोशाक धारण करवाकर विशेष पूजा-अर्चना की गई। संध्याकाल में मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा, जब 251 दीपकों से भगवान की भव्य महाआरती उतारी गई। दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि प्रदायक तथा सभी विघ्नों को हरने वाला विशेष 'विघ्ननिवारक रक्षा सूत्र' वितरित किया गया।

चांदपोल स्थित परकोटा गणेश मंदिर में भी पुष्य नक्षत्र के मौके पर अद्भुत धार्मिक माहौल देखने को मिला। मंदिर के महंत पंडित अमित शर्मा के सान्निध्य में भगवान गणेश का 101 किलो दूध, दही, शहद, गंगाजल, केवड़ा, गुलाब जल और केसर जल से भव्य पंचामृत अभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद गणपति सहस्त्रनामावली (भगवान के 1008 नाम) के मंत्रोच्चार के साथ भव्य यज्ञ-हवन का आयोजन हुआ, जिसमें भगवान लंबोदर के प्रिय 1008 मोदकों (लड्डुओं) की आहुति दी गई। गजानन महाराज को सिंदूर का चोला चढ़ाकर आकर्षक नवीन पोशाक धारण कराई गई और दूर्वा अर्पित की गई। इसके साथ ही गणपति अथर्वशीर्ष के सस्वर पाठ किए गए। मंदिर प्रशासन की ओर से भक्तों को सौभाग्य के प्रतीक स्वरूप गणेश जी व लक्ष्मी स्वरूप 'हल्दी की गांठ' और 'सुपारी' का वितरण किया गया, जिसे पाकर श्रद्धालु निहाल हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story