मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया पत्रकारों के लिए विशेष आवास योजना का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया पत्रकारों के लिए विशेष आवास योजना का शुभारंभ


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया पत्रकारों के लिए विशेष आवास योजना का शुभारंभ


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व, जनजागरण और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण साधना है। उन्होंने अपने पत्रकारिता के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि वे पत्रकारों को होने वाली समस्याओं और कठिनाइयों को अच्छे से समझते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार पत्रकारों के सम्मान, संवेदनशीलता और कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब ऑफ राजस्थान में राजस्थान आवासन मंडल की विशिष्ट पंजीकरण योजना-2026 के तहत पत्रकारों के लिए विशेष आवास योजना का शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि बजट में अधिस्वीकृत पत्रकारों को आवास उपलब्ध करवाने की घोषणा की गई थी, जिसकी अनुपालना में जयपुर के इंदिरा गांधी नगर आवासीय योजना, सेक्टर-9, जगतपुरा में पत्रकारों के लिए फ्लैट्स का पंजीकरण शुरू किया गया है। इस बहुमंजिला आवासीय योजना के तहत फ्लैट्स में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि पत्रकार साथियों को सुरक्षित और सुविधायुक्त आवासीय वातावरण मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आवासीय योजना के फेज-1 में 3 बीएचके फ्लैट पर कुल लागत में 15 लाख रुपये और 2 बीएचके फ्लैट पर कुल लागत में 12 लाख रुपये की विशेष छूट देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से अन्य संभागों में भी आवासीय योजनाएं लाई जाएंगी। उन्होंने भरतपुर में पूंछरी का लौठा के पास विकसित हो रही सैटेलाइट सिटी में भी नई आवासीय योजना लाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि सकारात्मकता से जुड़ी पत्रकारिता ही अपनी सार्थकता सिद्ध करती है। राजस्थान की पत्रकारिता का इतिहास स्वाभिमान और गौरव का साक्षी रहा है। विजय सिंह पथिक और पंडित झाबरमल्ल शर्मा जैसे मनीषियों की परंपरा ने सामाजिक सुधार, जनजागरण और प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले पौने तीन वर्षों में पत्रकारों के कल्याण के लिए अनेक पहल की हैं। स्वतंत्र पत्रकारों के अधिस्वीकरण के लिए आयु सीमा और अनुभव में छूट देकर न्यूनतम पात्रता आयु 45 वर्ष तथा अनुभव 15 वर्ष निर्धारित किया गया, जिससे 31 प्रेस प्रतिनिधि लाभान्वित हुए हैं। अधिस्वीकृत पत्रकारों के बच्चों को प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 43 छात्रवृत्तियां दी गई हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान पत्रकार स्वास्थ्य योजना (आरजेएचएस) में 1 हजार 423 बीमित पत्रकारों के प्रीमियम के रूप में 2 करोड़ 15 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के तहत 462 लाभार्थियों को सम्मानित किया गया, जबकि पत्रकार एवं साहित्यकार कल्याण कोष से 24 अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों को सहायता प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार सुशासन, आधारभूत ढांचे के विस्तार और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है।

नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर बजट में अधिस्वीकृत पत्रकारों को जयपुर में आवासीय फ्लैट्स देने की घोषणा की गई थी, आज उस कार्ययोजना के अंतर्गत इन फ्लैट्स के पंजीयन की प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया है। उन्होंने इस योजना की शीघ्र क्रियान्विति के लिए राज्य सरकार का आभार जताया।

इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर महापौर सुनील कोठारी, अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता सहित अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762807 Articles

Share this story