वंदे मातरम् के 150वें वर्ष पर सेना का हवाई अभियान: तीन माइक्रोलाइट विमान पहुंचे कोलाना

WhatsApp Channel Join Now
वंदे मातरम् के 150वें वर्ष पर सेना का हवाई अभियान: तीन माइक्रोलाइट विमान पहुंचे कोलाना


जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय सेना की ओर से शुरू किया गया विशेष क्रॉस-कंट्री हवाई अभियान शनिवार को झालावाड़ पहुंचा। अभियान में शामिल तीन माइक्रोलाइट विमानों ने कोलाना एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। सेना के विमानों को अपने बीच देखकर एयरपोर्ट पर मौजूद एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया।

सेना के पायलट और अधिकारियों का विद्यार्थियों ने स्वागत किया। इसके बाद विद्यार्थियों को माइक्रोलाइट विमानों को करीब से देखने का अवसर मिला।

सेना के अधिकारियों ने उन्हें विमानों की कार्यप्रणाली, उड़ान संचालन और सैन्य अभियानों में इस तरह के विमानों की भूमिका के बारे में जानकारी दी।

सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल ने बताया कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देशसेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान 16 नवंबर को गया से शुरू किया गया था। तीन माइक्रोलाइट विमानों के साथ शुरू हुई इस यात्रा में 21 उड़ान दिवसों के दौरान करीब 4,443 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

अभियान के दौरान विमान देश के विभिन्न शहरों और राज्यों से गुजरेंगे। यात्रा में उत्तर भारत के मेरठ सहित गुजरात के कई क्षेत्र भी शामिल हैं।

अभियान का समापन 7 दिसंबर को बेंगलुरु में होगा। कोलाना एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सेना के अधिकारियों और पायलटों से बातचीत की। उन्होंने भारतीय सेना में भर्ती, उपलब्ध अवसरों और सैन्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने युवाओं को अनुशासन, साहस, समर्पण और राष्ट्रप्रेम का महत्व बताते हुए देशसेवा के लिए प्रेरित किया।

तीन माइक्रोलाइट विमानों का कोलाना एयरपोर्ट पहुंचना झालावाड़ के लिए भी खास अवसर रहा।

अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को भारतीय सेना की कार्यप्रणाली को करीब से समझने और सैन्य विमानन गतिविधियों से रूबरू होने का अवसर मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story