श्रम दिवस पर जयपुर में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
श्रम दिवस पर जयपुर में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित


जयपुर, 01 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर द्वितीय द्वारा श्रमिकों के हित में विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), जयपुर महानगर द्वितीय के निर्देशन में राजकीय महात्मा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बड़ोदिया बस्ती में हुआ।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर महानगर द्वितीय की सचिव एवं अतिरिक्त जिला न्यायाधीश पल्लवी शर्मा ने बताया कि यह आयोजन नालसा की योजना के तहत असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के कल्याण और जागरूकता के उद्देश्य से किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के श्रम कार्ड बनवाए गए, जिससे वे राजस्थान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। साथ ही श्रमिकों को उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। श्रमिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गीताजंलि अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में विशेष मेडिकल कैम्प आयोजित किया गया।

इसमें श्रमिकों का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा आगे की चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल आने की सलाह दी गई।

गुलाबबाड़ी उद्यान बनी पार्क में मेहनतकश कल्याण एवं संदर्भ केन्द्र संस्था के सहयोग से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को मजदूर डायरी वितरित की गई, जिससे वे अपने श्रम संबंधी विवरण और योजनाओं की जानकारी व्यवस्थित रख सकें।

इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से कुल 485 श्रमिकों एवं आमजन को लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में श्रम विभाग के अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और एनजीओ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story