सनातन सिखाता सेवा ओर संस्कार,भारत को बनाना विश्व का महामार्गदर्शक-देवनानी

WhatsApp Channel Join Now
सनातन सिखाता सेवा ओर संस्कार,भारत को बनाना विश्व का महामार्गदर्शक-देवनानी


सनातन सिखाता सेवा ओर संस्कार,भारत को बनाना विश्व का महामार्गदर्शक-देवनानी


भीलवाड़ा, 22 फरवरी (हि.स.)। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के चौथे दिन रविवार को वासुदेव देवनानी ने श्रीमद् भागवत महापुराण कथा में भाग लिया। उन्होंने व्यास पीठ पर विराजित श्रीधाम वृन्दावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर का अभिनंदन किया।

कथा में राम जन्म एवं कृष्ण जन्म प्रसंगों का वाचन किया गया। कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पांडाल में विशेष सजावट की गई और झांकी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन सहित विभिन्न संत-महात्मा एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

देवनानी ने कहा कि सनातन परंपरा जीवन मूल्यों और संस्कारों की शिक्षा देती है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व में मार्गदर्शक की भूमिका निभानी चाहिए। आयोजन के दौरान उन्होंने धार्मिक अनुष्ठानों की जानकारी ली और श्रद्धालुओं से संवाद किया।

कथा व्यास डॉ. पाराशर ने नृसिंह, वामन और मोहिनी अवतार सहित विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि ईश्वर से जुड़ाव से अज्ञान दूर होता है। उन्होंने भक्त प्रहलाद और राजा बलि के प्रसंगों का भी वर्णन किया।

महोत्सव के तहत पंचकुण्डीय विष्णु महायज्ञ, भागवत मूल पाठ, शतचंडी, अखंड गीता पाठ, रामचरितमानस पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। काशी के यज्ञाचार्य कामेश्वरनाथ तिवारी के सानिध्य में वेदपाठ हो रहा है। प्रतिदिन शाम को रासलीला एवं गंगा आरती का आयोजन किया जा रहा है।

कथा पांडाल में सुबह श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण भी सुना। कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। श्रीमद् भागवत कथा का वाचन 25 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक होगा। सोमवार को श्रीकृष्ण बाल लीला एवं गोवर्धन पूजा प्रसंग का वाचन प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Share this story