जोधपुर में सेखों आईएएफ मैराथन, दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के स्टेशनों पर 15 हजार से अधिक ने दौड़ लगाई

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर में सेखों आईएएफ मैराथन, दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के स्टेशनों पर 15 हजार से अधिक ने दौड़ लगाई


जोधपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय वायु सेना के एकमात्र परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों के सर्वोच्च बलिदान और वीरता को सम्मान देने के लिए रविवार को जोधपुर में ‘सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन-2026’ का आयोजन किया गया। दक्षिण पश्चिमी वायु कमान (एसडब्ल्यूएसी) के विभिन्न स्टेशनों पर आयोजित इस मैराथन में 15 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई।

जन संपर्क अधिकारी (रक्षा), राजस्थान लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि जोधपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में चार हजार से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। इनमें ‘अभ्यास तरंग शक्ति’ में भाग ले रहे मित्र विदेशी देशों के सैन्यकर्मी, वायु योद्धा, उनके परिवार और जोधपुर के नागरिक शामिल थे। आयोजन की थीम ‘पावर इन पार्टनरशिप’ रखी गई।

मैराथन में पांच, 10 और 21 किलोमीटर (हाफ मैराथन) की श्रेणियां रखी गई थीं। दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल पी.वी. शिवानंद, वरिष्ठ अधिकारी-प्रभारी प्रशासन एयर वाइस मार्शल जी.एस. भुल्लर और जोधपुर नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने वायु सेना तथा नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में दौड़ को हरी झंडी दिखाई।

आयोजकों के अनुसार, दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के जिम्मेदारी वाले क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर एक साथ आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य सेखों की वीरता और बलिदान को याद करने के साथ फिटनेस, एकता और सौहार्द का संदेश देना था। आयोजन में नागरिक प्रशासन और जोधपुर पुलिस की ओर से भी सहयोग किया गया।

मैराथन के दौरान जोधपुर की सड़कों पर वायु सेना के जवानों, उनके परिवारों, विदेशी सैन्यकर्मियों और आम नागरिकों ने एक साथ दौड़ लगाई। आयोजन के जरिए अनुशासन, टीम भावना और देशभक्ति के साथ स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story