सोनी ज्ञान सेतु ने मनाया युवाओं की उपलब्धियों का जश्न
जयपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सोनी इंडिया की सीएसआर पहल ‘सोनी ज्ञान सेतु’ की ओर से जयपुर स्थित मल्टी-स्किल सेंटर में ‘सृजन: द जर्नी अहेड—एल्युम्नाइ कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 221 पूर्व छात्रों ने भाग लिया। इस दौरान प्रशिक्षण पूरा कर रोजगार हासिल करने वाले 103 युवाओं की उपलब्धियों का भी जश्न मनाया गया।
केडमैन स्किल्ड इंडिया फाउंडेशन और पूर्णिमा ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के सहयोग से संचालित केंद्र में पूर्व छात्रों, वर्तमान प्रशिक्षुओं और प्रशिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। पूर्व छात्रों ने खुद के कार्यक्षेत्र के अनुभव बताते हुए मौजूदा प्रशिक्षुओं को कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 में 221 पूर्व छात्रों ने खुदरा, स्वास्थ्य सेवा तथा सौंदर्य एवं तंदुरुस्ती क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल किया। वहीं वित्त वर्ष 2026-27 के पहले बैच में 103 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूरा कर संबंधित क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त किया। सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
केंद्र में अब खुदरा, स्वास्थ्य सेवा और सौंदर्य एवं तंदुरुस्ती के साथ परिधान तथा स्वरोजगार दर्जी जैसे नए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। प्रशिक्षण के साथ युवाओं को करियर परामर्श, कौशल आकलन, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और रोजगार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सोनी इंडिया के उपाध्यक्ष, मुख्य मानव संसाधन अधिकारी एवं राष्ट्रीय सीएसआर प्रमुख संजय भटनागर ने कहा कि कौशल विकास को रोजगार और दीर्घकालिक करियर से जोड़ना आवश्यक है। वहीं पूर्णिमा यूनिवर्सिटी के सह-संस्थापक, निदेशक एवं प्रबंध निदेशक राहुल सिंघी ने कहा कि प्रशिक्षण के साथ मार्गदर्शन और रोजगार के अवसर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में लाभार्थी निशा बैरवा और मेहमीश बानो ने भी अपने अनुभव साझा किए। निशा वर्तमान में बॉम्बे हॉस्पिटल में जनरल ड्यूटी असिस्टेंट और मेहमीश बानो वेस्टसाइड में सौंदर्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को कौशल से रोजगार और रोजगार से टिकाऊ करियर की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

