सोनी देवी हत्याकांड का 6 घंटे में हो गया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
अजमेर, 04 सितम्बर(हि.स.)। अंराई पुलिस थाना क्षेत्र के छोटालाम्बा में महिला सोनी देवी बैरवा की संदिग्ध मौत के मामले का अरांई थाना पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी शंकरलाल बैरवा (25) निवासी छोटालाम्बा को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग बालिका को भी निरुद्ध किया गया है।
थानाधिकारी राजमल के अनुसार 3 सितंबर को बोराडा रोड के पास कुएं में महिला का शव मिला था। सरपंच कानाराम के अनुसार मृतका की पहचान सोनीदेवी पत्नी बजरंग बैरवा के रूप में की गई। मृतका के गले पर ओढ़नी से गला घोंटने तथा सिर पर चोट के निशान पाए गए। जिससे उसकी हत्या की आशंका थी। पूछताछ में पता चला कि सोनी देवी बुधवार दोपहर से घर से लापता थी। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद हत्या की आशंका सही जताई गई। मृतका के पति बजरंग बैरवा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले में ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर आरोपी को पकड़ने को लेकर स्टेट हाइवे जाम कर दिया था और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। अजमेर के महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रवि, एसपी अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला, एएसपी ग्रामीण लालचंद कायल के निर्देशन पर सीओ किशनगढ़ ग्रामीण आयुष वशिष्ठ के सुपरविजन में थानाधिकारी राजमल के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास पूछताछ में शंकरलाल के बयान संदिग्ध पाए गए। पुलिस के अनुसार उसके गले पर भी खरोंच के निशान थे, जिसके बारे में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसने हत्या करना कबूल किया।पुलिस के मुताबिक 2 सितंबर को शंकरलाल खेत में एक नाबालिग बालिका के साथ था। इसी दौरान सोनी देवी ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर टोका। पुलिस का दावा है कि बदनामी के डर से दोनों ने मिलकर सोनी देवी की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव कुएं में डाल दिया और खुद को निर्दोष दिखाने के लिए परिजनों के साथ उसकी तलाश करता रहा।मामले में आगे अनुसंधान जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

