सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 11 मई को: प्रदेशभर के शिवालयों में होंगे विशेष आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 11 मई को: प्रदेशभर के शिवालयों में होंगे विशेष आयोजन


जयपुर, 09 मई (हि.स.)। सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 मई 2026 को देशभर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया जाएगा। कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार राजस्थान में भी राज्य एवं जिला स्तर पर भव्य आयोजन होंगे।

कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार तथा राजस्थान सरकार के कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग और देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक कार्यक्रम और राष्ट्रीय आयोजन का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम गुजरात के सोमनाथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित होगा, जिसका लाइव प्रसारण राजस्थान के सभी प्रमुख शिवालयों में किया जाएगा। जयपुर के झारखंड महादेव मंदिर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा।

कला एवं संस्कृति विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अनुराधा गोगिया को राज्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

देवस्थान आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में विशेष आयोजन किए जाएंगे। इनमें जयपुर के झारखंड महादेव मंदिर, उदयपुर के महाकालेश्वर महादेव, अजमेर के कोटेश्वर महादेव, पाली के सोमनाथ महादेव, जोधपुर के पातालेश्वर महादेव, बीकानेर के शिखरबंद महादेव सहित विभिन्न जिलों के प्रमुख शिवालय शामिल हैं।

कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक अभियान चलाया जाएगा। देवस्थान विभाग ने प्रदेशवासियों से 11 मई को निकटतम शिवालय में पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story